रेवाड़ी के गांव साल्हावास के पंच राजबीर पर जानलेवा हमला हुआ है। सरपंच के परिवार पर जानलेवा हमला करने का आरोप घायल पंच ने लगाया है। पूरा मामला जोहड़ के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने को लेकर था। पंच राजबीर ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था। जबकि सरपंच परिवार उससे जबरन इस पर हस्ताक्षर कराना चाहता था। वहीं, पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी होगा, उसे नहीं बख्शा जाएगा।
पंच ने पुलिस को दी ये शिकायत
कसौला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार रेवाड़ी के दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित गांव साल्हावास का पंच राजबीर (38) कसौला चौक स्थित बालाजी हार्डवेयर से सामान लाने के लिए अपनी बाइक पर गया था। उसके साथ गांव का रोहताश भी था। लौटते समय उनकी बाइक के आगे एक वाहन ने रास्ता रोक दिया।
कार में महेश के गांव का ही उसके मामा का लड़का सोनू, गांव साल्हावास निवासी विकास और 3 अन्य लोग सवार थे। राजबीर के मुताबिक विकास और तीन अन्य लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और सोनू ने पिस्तौल दिखाकर धमकाया और लोहे की रॉड मारी। आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। उस पर रॉड-डंडों से बेरहमी से हमला किया गया। मारपीट में राजबीर का एक पैर और एक हाथ टूट गया। आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके पर छोड़कर भाग गए। फिलहाल राजबीर का अस्पताल में ईलाज चल रहा है।