सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक फौजी सहित 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रेवाड़ी के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जिला अलवर के गांव गुणसार निवासी राजबीर, नवीन (23) व रूपेश (23) तीनों इको गाड़ी में बावल औद्योगिक क्षेत्र में आए हुए थे। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असाही फ्लाईओवर से उतरने के बाद वह गाड़ी को सर्विस रोड पर ले गए तभी पोस्को चौक के पास अचानक उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गाड़ी की रफ्तार काफी ज्यादा थी जिसकी वजह से गाड़ी सड़क के साथ खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची ईआरवी व कसौला थाना से प्रदीप कुमार ने पेड़ में घुसी गाड़ी को कटर काटकर तीनों को बाहर निकाला। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। कार को राजबीर चला रहा था।
एक युवक उसके साथ वाली सीट पर तो दूसरा पीछे बैठा हुआ था। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में नवीन और रूपेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजबीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
एंबुलेंस की मदद से तीनों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने नवीन और रूपेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल चालक राजबीर का रेवाड़ी के ही एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि मृतक रूपेश फौज में नौकरी करता था। छुट्टी पर आया हुआ था। वह राजबीर और नवीन के साथ किसी कंपनी में काम से आया था।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं जबकि घायल राजबीर के खिलाफ गाड़ी को लापरवाही से चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। - विद्यासागर, थाना प्रभारी, कसौला