रोडवेज व स्विफ्ट गाड़ी की भिड़ंत
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
खोल। रेवाड़ी-महेन्द्रगढ़ सड़क मार्ग स्थित मूंदी बस स्टेंड व भठेड़ा की बीच सोमवार की शाम 6 बजे के करीब हरियाणा रोडवेज व स्विफ्ट गाड़ी की आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। गनीमत यह रही है कि इतने बड़े हादसे में वाहनों के क्षतिग्रस्त के अलावा किसी को ज्यादा चोट नहीं लगी। गाड़ी चालक को घायल अवस्था में रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर ले जाया गया है।
थाना खोल क्षेत्र के मूंदी बस स्टेंड व भठेड़ा के बीच में सोमवार को हरियाणा रोडवेज बस व स्विफ्ट गाड़ी के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बस में लगभग 60-70 के लगभग सवारियां थी और वह महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी जा रही थी, जैसे बस गाड़ी से टकराई सारी सवारियां एक-दूसरे पर गिर गई और हाहाकार मच गई।
रोडवेज चालक ने सवारियां को ध्यान में रखते हुए बड़ा हादसा घटित होने से बचा लिया और बस को पेड़ से टकरा दिया। सवारियों ने बताया कि सामने से रेवाड़ी की दिशा से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी चालक ने आगे चल रहे वाहन से ओवर टेक करने का प्रयास किया और वह संतुलन खो बैठा और सीधी गाड़ी को बस से टकरा दिया। गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी चालक की पहचान अनिल निवासी बटोड़ी-बास के रूप में हुई। जिसे मामूली चोटे आई है और उपचार हेतु तुरंत रेवाड़ी के अस्पताल में पहुंचा दिया गया।