लाश मिलने पर जांच करने पहुंची पुलिस
- फोटो : amar ujala
कुसम्ही जंगल में सोमवार की सुबह गोरयाबीर बाबा मंदिर के पास युवक की लाश मिली। चाकू से गला काटने के बाद चेहरा विकृत कर हत्यारे सीने में चाकू घोंपकर फरार हो गए। शव को छुपाने के लिए उसे पत्ते से ढक दिया था। सोमवार की सुबह जंगल में लकड़ी बीनने गए लोगों ने शव देख सूचना पुलिस को दी। खोराबार पुलिस शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार की सुबह दस बजे कुसम्ही जंगल में लकड़ी बीनने गए स्थानीय लोगों ने गोरयाबीर बाबा मंदिर के पास युवक की लाश देखी। हत्या के बाद जंगल में गिरे पत्तों से शव को छिपाने का प्रयास किया गया था। सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे एसपी (सिटी), सीओ कैंट, एसओ खोराबार ने छानबीन की। हत्यारों ने युवक की गर्दन चाकू से काटने के साथ चेहरा विकृत कर सीने में चाकू घोंपकर छोड़ दिया था। युवक का पैंट खुला था। सड़क से लेकर घटना स्थल तक रास्ते पर खून के निशान थे। जंगल के पौधों पर भी खून के छींटे पड़े थे। 35 वर्षीय युवक ने काले रंग का टी-शर्ट, आसमानी जिंस की पैंट, हवाई चप्पल पहने था। दाहिने हाथ में उसने कड़ा पहनने के साथ ही रक्षा सूत्र बांधा था। हत्या के बाद गाड़ी से शव लाकर जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
सीओ कैंट अभय मिश्रा ने बताया कि शव के शिनाख्त की कोशिश चल रही है। आसपास के जिलों के साथ ही जिले के सभी थानेदारों को घटना की जानकारी दे दी गई है। युवक के पास ऐसा कोई सामान नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके।