हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक नामी वाइन शॉप पर कैश लूटने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी विनय और श्याम सगे भाई हैं और महेंद्रगढ़ जिले के गांव उष्मापुर के रहने वाले हैं। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस के अलावा सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
रात 9 बजे का है मामला
जानकारी के अनुसार दिल्ली-जयपुर हाईवे पर विपुल गार्डन के पास जगदीश वाइन फर्म ने जी-टाउन के नाम से स्टोर खोला है। शनिवार रात करीब 9 बजे फर्म की स्कॉर्पियो गाड़ी में स्टाफ के सदस्य दिन भर की बिक्री के पैसे लेने आए। इससे पहले बदमाश बाइक पर आए और रेकी कर चले गए। कुछ देर बाद दोनों बदमाश वापस आकर दुकान के पास खड़े हो गए।
जमकर की गई पिटाई
सेल्समैन दीपक जैसे ही रुपयों से भरा बैग लेकर स्कॉर्पियो कार की ओर आया, बदमाशों ने एक राउंड फायरिंग कर बैग छीनने की कोशिश की। शोर मचाने पर वाइन शॉप के अंदर से स्टाफ और अन्य लोग बाहर आ गए। इस बीच दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्टाफ के लोगों ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। दोनों की जमकर पिटाई भी की गई। दोनों के पास से 3 दसी पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद किये गये हैं। पुलिस की कार्रवाई जारी है।