हरियाणा के रेवाड़ी के कोसली क्षेत्र के गांव लूला अहीर में खेत में बिजाई को लेकर एक किसान पर उसके ही गांव के एक युवक ने ट्रैक्टर चढ़ाकर मारने की कोशिश की। शोर मचाने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों को देखकर आरोपी वहां से भाग गया।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दौरान किसान का एक पैर ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में फंसने के कारण जख्मी हो गया है। इसकी वजह से उसका ऑपरेशन कराया गया है।
पुलिस में दर्ज केस के अनुसार कोसली के गांव लूला अहीर निवासी हरजिन्द्र ने कुछ दिन पहले अपने ही गांव के राकेश से उसके ट्रैक्टर के जरिए खेत में डीएपी खाद का छिड़काव कराया था। दो-तीन दिन बाद उसी खेत में सरसों की बिजाई के लिए जब हरजिन्द्र ने राकेश को फोन किया तो वह टाल-मटोल करने लग गया।
हरजिन्द्र ने राकेश की बहानेबाजी सुनकर अपने ही गांव के अनिल से सरसों की बिजाई ट्रैक्टर के जरिए करानी शुरू कर दी। बुधवार की शाम के वक्त जब खेत में बिजाई चल रही थी तभी राकेश अपना ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि इस दौरान राकेश ने गाली-गलौज की।
इसके बाद उसने हरजिंदर पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान हरजिंदर का एक पैर ट्रैक्टर के नीचे फंस गया। हरजिन्द्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर दूसरे खेत में काम कर रही उसकी भाभी व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।
यह देखकर राकेश मौके से भाग निकला। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। बाद में परिजनों ने गंभीर रूप से घायल हरजिन्द्र को रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इसके बाद फिर शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसके पैर का ऑपरेशन किया गया। कोसली थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।