हरियाणा के रेवाड़ी शहर के कृष्णा नगर स्थित एक मकान में अपनी गर्भवती पत्नी व चार वर्षीय बेटी की हत्या के मामले में कई बातें सामने आई हैं। मृतका ने छह साल पूर्व धर्म बदलकर जिस प्रेमी संग शादी की थी उसने ही उसकी व उसकी बेटी की हत्या कर दी। वहीं खुलासा यह हुआ है कि महिला व उसकी बेटी का हत्यारोपी दिनेश पड़ोसी की छत से फरार हुआ था। आरोपी ने पत्नी के दुपट्टे व कपड़े सुखाने वाली रस्सी को पड़ोसी की छत पर उतरने का जरिया बनाया था। शनिवार को माडल टाउन थाना ने दिनेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश कर रही है।
आरोपी ने तीसरी मंजिल पर कमरा किराए पर लिया हुआ था। हत्या के बाद सीढ़ियों की बजाय कपड़े सुखाने वाली रस्सी व दुपट्टे बांधकर पड़ोसी की छत पर उतारा और वहां से कूदकर फरार हो गया। दूसरी मंजिल पर रहने वाले किराएदार की बेटी जब अवनी के साथ खेलने के लिए गई तो हत्याकांड का पता लगा था और पुलिस को सूचना दी गई थी।
साक्षी ने किया था धर्म परिवर्तन
शादी से पहले साक्षी का नाम रुबीना था और वह दूसरे समुदाय से संबंध रखती थी। करनाल के गांव शेखपुरा जहांगीर में दिनेश व रुबीना एक दूसरे के पड़ोसी थे और उनके बीच प्रेम प्रसंग था। छह साल पहले दोनों ने गांव व अपने परिवार को छोड़ दिया था। दिनेश से शादी के लिए रुबीना ने धर्म परिवर्तन कर लिया था और साक्षी बन गई थी। कुरुक्षेत्र में कोर्ट में शादी करने के बाद दोनों रेवाड़ी आकर रहने लगे थे। इसके बाद दोनों के ही परिजनों का उनसे कोई संपर्क नहीं था। बताया जा रहा है कि ईद के दिन साक्षी की उसकी मां से कुछ समय के लिए बातचीत हुई थी।