हरियाणा के रेवाड़ी में धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से ईको कार बुकिंग पर लेकर गए चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने चालक के शव को भिवाड़ी के कहरानी क्षेत्र में सुनसान जगह पर फेंक दिया। पुलिस के अनुसार जिला गुरुग्राम के गांव पुखरपुर पचगांवा निवासी ललित कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई आदित्य कई वर्षों से गुरुग्राम से धारूहेड़ा के बीच गाड़ी चलाते थे। 26 फरवरी को वह ईको कार में सवारियां लेकर धारूहेड़ा बस स्टैंड गए थे।
परिवार के सदस्यों से बात होने पर आदित्य ने बताया था कि वह कार में बुकिंग लेकर राजस्थान के टपुकड़ा जा रहा है। शाम को परिजनों ने फोन किया तो आदित्य ने उन्हें बताया कि वह कहीं फंस गया है। इसके बाद आखिरी बार रात करीब नौ बजे बातचीत हुई थी। उसके बाद रात को आदित्य का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था।
खोरी के पास लावारिस खड़ी मिली कार
27 फरवरी को कार मालिक दयाराम के पास भिवाड़ी की खोरी चौकी पुलिस का फोन आया। पुलिस ने बताया कि उनकी ईको कार खोरी के निकट लावारिस हालत में खड़ी है। परिजन व पुलिस आदित्य की तलाश कर रही थी लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। रविवार को धारूहेड़ा थाना पुलिस ने आदित्य के भाई ललित कुमार की शिकायत पर लापता होने का मामला दर्ज किया था।
भिवाड़ी पुलिस को सोमवार सुबह कहरानी क्षेत्र में खून से लथपथ शव पड़ा होने की सूचना मिली। मृतक की शिनाख्त आदित्य के रूप में हुई। आदित्य की गला रेतकर हत्या की गई थी और खून से लथपथ दो चाकू भी वहीं शव के निकट पड़े हुए थे। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। कार बुकिंग पर ले जाने वालों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया है।
पुलिस रंजिश सहित सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। कार बुकिग पर ले जाने वालों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। - एसआई पवन कुमार, जांच अधिकारी, धारूहेड़ा थाना।