रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव जैतड़ावास में शादी समारोह के दौरान डीजे आपरेट कर रहे युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के भाई ने चालक पर अचानक पिकअप बढ़ाने का आरोप लगाया है।
रामपुरा थाने के अनुसार गांव जैतड़ावास निवासी नवीन कुमार (31) डीजे ऑपरेटर था।
बुधवार को वह गांव में ही एक शादी समारोह के दौरान पिकअप में रखा डीजे ऑपरेट कर रहा था। इस दौरान पिकअप चालक ने बिना बताए ही गाड़ी आगे बढ़ा दी। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे बिजली की तारों की चपेट में आ गया और करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव भाड़ावास निवासी चालक विजय कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।