रोहतक के गांव मदीना के 20 वर्षीय सुमित डांगी की हत्या वाहन के टायर से रौंदकर की गई थी। सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड ने किया। मृतक के पसलियां टूटी मिली हैं। एक फेफड़ा और गुर्दा डैमेज मिले और हार्ट स्थान छोड़ चुका था। परिजनों ने पुलिस को इतना बताया कि वह रोहतक जाने की बात कहकर निकला था। उन्हें नहीं पता किसने हत्या की और क्यों की। पुलिस ने इस बारे केस दर्ज किया है। पुलिस फिलहाल इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। ऑनर किलिंग की आशंका भी जताई जा रही है।
बलंभा के सुरेंद्र ने बताया कि उनके भांजे सुमित डांगी ने पॉलीटेक्निक से डिप्लोमा किया था। वह अब रोहतक से डिस्टेंस से बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। सुमित के पिता बिजेंद्र डांगी की तीन महीने पहले कैंसर से मौत हो गई थी और सुमित के बड़े जयदीप की मानसिक हालत ठीक नहीं है। परिवार खेती पर निर्भर है। परिवार में अब जयदीप और उसकी मां लाली हैं। सुरेंद्र ने बताया कि सुमित बुुधवार सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह रोहतक जा रहा है। उसके बाद हिसार सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने पांच बजे फोन कर सरपंच जगबीर शर्मा को डीएल को आधार बताकर सुमित का शव साउथ बाईपास पर घोड़ा फार्म रोड पर फाटक के पास मिलने की बात कही। फिर परिजन यहां पहुंचे और सिविल अस्पताल में शव की शिनाख्त की। सुरेंद्र ने पुलिस को बयान देकर कहा कि उन्हें नहीं पता सुमित यहां कैसे पहुंचा और किसने हत्या की। सुमित का किसी से कभी झगड़ा नहीं हुआ और न गांव में किसी से रंजिश है। सदर थाना के सब इंस्पेक्टर सुरेश अहलावत ने बताया कि मृतक के मामा सुरेंद्र की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मोबाइल का सिम गायब
पुलिस को जांच में पता चला है कि मृतक के मोबाइल फोन का सिम गायब है। जबकि एक्स्ट्रा चार सिम डले हैं। पर्स में 12 हजार रुपये की नकदी सही सलामत है। इससे साबित होता है कि हत्या लूट के मकसद से नहीं की है। उसके बारे में पता चला है कि वह सेना की भर्ती में आया था। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई।
कॉल डिटेल खोल सकती है राज
पुलिस फिलहाल मृतक के मोबाइल की कॉल को आधार बनाकर आगे बढ़ रही है। परिजनों से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे पुलिस जांच को आगे बढ़ा सके। पुलिस अपने स्तर पर क्लू ढूंढ रही है। ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके।
एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि सुमित की हत्या के संबंध में केस दर्ज किया गया है। उसकी हत्या के मामले की गहराई से जांच की जा रही है।