झोटा के पुलिस गिरफ्त में होने के बावजूद गैंग के गुर्गे बेकाबू हैं। सरेआम बदमाशों ने पिस्टल व चाकू के बल पर नाईवाली चौक पर एक युवक को जमकर पीटा। लोगों की मदद से एक आरोपी को मौके से ही पुलिस ने दबोच लिया है।
जानकारी के अनुसार नई बस्ती निवासी मोहित किसी काम से शाम बाइक पर सवार होकर जा रहा था।
नाईवाली चौक के पास एक अस्पताल के बाहर झोटा गैंग के बदमाश राहुल उर्फ सीटू, अर्जुन उर्फ मिक्का, मांगेया व सतपाल अलग-अलग बाइक पर सवार होकर पहुंचे और मोहित को रोक लिया। बदमाशों के पास देसी कट्टा व चाकू था और मोहित की जमकर धुनाई कर दी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को देख बदमाश भागने लगे। पुलिस ने एक बदमाश मांगेया को मौके पर ही धर दबोचा। घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है।