जिले के कुख्यात राजकुमार उर्फ झोटा की आपराधिक वारदातों में काम आने वाली कार को सीआईए रेवाड़ी ने रिमांड के दौरान बरामद कर लिया है। गैंग के लोगों ने इसी कार से रंगदारी और फायरिंग की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके अलावा पुलिस ने चाकू भी बरामद किए हैं। पुलिस ने चार दिन की रिमांड पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ झोटा, शशिकांत और गौरव को कोर्ट में पेश कर दिया।
जहां से तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने गौरव व शशीकांत से दो बटनदार चाकू भी बरामद किये हैं। बता दें कि 30 अगस्त को सीआईए रेवाड़ी ने राजकुमार उर्फ झोटा को और 31 अगस्त को झोटा गैंग के गौरव और शशिकांत को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद कोर्ट में पेश कर उन्हें रिमांड पर लिया गया था।
एग्रीमेंट पर ली थी, एक्सीडेंट के बाद खड़ी थी
पुलिस ने बताया कि कार आरोपी शशिकांत ने राजस्थान निवासी एक व्यक्ति से एग्रीमेंट पर खरीदी थी। गुड़गांव के गांव जमालपुर के निकट कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। जिसके बाद कार जमालपुर स्थित तुषार वर्कशॉप पर मरम्मत के लिए खड़ी कर दी थी। पुलिस ने झोटा की निशानदेही पर वर्कशॉप से कार को बरामद कर लिया है।