रेवाड़ी में डीजे की दुकान का सेंट्रल लॉक काटकर साढ़े 3 लाख का सामान चोरी
रेवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा में सोहना रोड पर गांव महेश्वरी में स्थित एक दुकान के सेंट्रल लॉक को काट कर चोर करीब साढ़े तीन लाख रुपये का डीजे का सामान चोरी कर ले गए। सुबह चोरी का पता लगने पर दुकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अभी चोरों का पता नहीं लग पाया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव महेश्वरी के रहने वाले रविंद्र कुमार ने कहा है कि उन्होंने गांव में ही सोहना रोड पर दुकान की हुई है। गुरुवार की रात करीब दस बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो शटर के बगल में स्थित लोहे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर से डीजे का लाखों रुपये का सामान गायब था। दुकान में लगे लोहे के दरवाजे में सैंट्रल लॉक लगा हुआ था। चोरों ने पहले दरवाजे पर लगे सेंट्रल लॉक को काट और अंदर से सामान निकाल ले गए। मौके पर गाड़ी के टायरों के निशान भी मिले है।
रविंद्र कुमार के अनुसार चोर दुकान से आठ एम्पलीफायर, चार सार्फी लाइट, चार मिक्चर, दो कोडलैस माइक सैट, दो हैलोजन, 20 एलईडी लाइट, चार पिच, एक मिक्चर पेटी, एक 32 इंच एलईडी टीवी, एक मिक्सी व एक ड्रिल मशीन चोरी कर ले गए। उन्होंने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-छह थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा दुकान के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का सीसीटीवी फुटेज से चोरों के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल सेक्टर-छह थाना पुलिस ने रविंद्र कुमार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। अभी चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है।