दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर निखरी कट के समीप खराब हुए कंटेनर ट्रक से गाड़ी लेकर फरार होने वाले मामले में क्लीनर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान उत्तरप्रदेश के जिला बिजनौर निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। क्लीनर से पुलिस पूछताछ और जांच में चालक की संलिप्तता पाई गई है।
जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि भिवानी के पैंतावास कलां निवासी कंपनी के प्रबंधक धर्मबीर सिंह ने पुलिस को शिकायत में बताया था कि उसने अपने कंटेनर पर यूपी के जिला बिजनौर की नगीना तहसील के गांव भोगपुर निवासी जितेंद्र कुमार को बतौर सहायक लगाया हुआ था।
मंगलवार को उसने चालक संदीप के साथ कंटेनर में फॉर्चूनर गाड़ियां भरकर गुड़गांव से बंगलुरु के लिए रवाना किया था। ये ट्रक धारूहेड़ा में निखरी कट के समीप खराब हो गया था।
सूचना मिलने के बाद वह भी धारूहेड़ा आ गया था। यहां से वह ट्रक के चालक को साथ लेकर धारूहेड़ा में किसी मेकेनिक को लेने आ गया और क्लीनर को ट्रक के पास ही छोड़ दिया था।
जब वह मैकेनिक को लेकर निखरी कट के पास पहुंचा तो जितेंद्र वहां नहीं था और एक फॉर्चूनर गाड़ी भी वहां से गायब थी। इसके बाद जब उसने जितेंद्र के मोबाइल पर फोन किया तो वह भी बंद मिला था।
इस पर पुलिस ने शिकायत के बाद जितेंद्र के खिलाफ अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम आरोपी को रोहतक से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में चालक संदीप की संलिप्तता पाई गई है। पुलिस चालक की भी तलाश कर रही है।