रेवाड़ी। महेंद्रगढ़ में लंबे समय से चल रही गैंगवार के बीच रेवाड़ी एसआईटी के हाथ सफलता लगी है। पुलिस ने मॉडल टाउन क्षेत्र से कुख्यात चीकू गैंग के गुर्गे ‘पटटू’ को गिरफ्तार कर लिया है। जांचकर्ता एसआई ग्यारसी लाल ने बताया कि महेंद्रगढ़ के खायरा गांव निवासी वीरेंद्र अपने गृह जिले में ही लहरोदा गांव में हुई गैंगवार का आरोपी था।
एक की हुई थी मौत, दूसरे गुट का युवक हुआ था घायल
बीते साल 26 मार्च की शाम खायरा निवासी आजाद सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर महेंद्रगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इसी बीच आजाद सिंह की बाइक के पीछे आ रही एक गाड़ी में सवार लोगों ने भी दूसरे गुट पर फायरिंग कर दी थी। गैंगवारी की इस घटना में आजाद सिंह की मौत हो गई थी, जबकि डॉक्टर गैंग का एक गुर्गा घायल हो गया था।
आईजी ने रेवाड़ी एसआईटी को सौंपा था मामला
घटना के बाद डॉक्टर गैंग के तो चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे लेकिन जेल में बंद कुख्यात चीकू के गुर्गे पुलिस के हाथ नहीं लग रहे थे। इस पर दक्षिण रेंज की आईजी ममता सिंह ने इन दोनों ही गैंग के बदमाशों की फाइल रेवाड़ी एसआईटी को सौंपी थी। छापेमारी के दौरान वीरेंद्र उर्फ पट्टू का नाम सामने आया था।
आगरा तक हुई गैंगवार में जा चुकी हैं आधा दर्जन जान
महेन्द्रगढ़ के कुख्यात कुलदीप उर्फ डॉक्टर व चीकू के बीच चल रही खूनी रंजिश में महेंद्रगढ़ ही नहीं आगरा में भी गैंगवार हुआ है। इसमें करीब आधा दर्जन लोगों की मौत भी हो चुकी हैं। दो माह पूर्व ही चीकू गैंग के बदमाशों ने डॉक्टर गैंग के दो गुर्गों को यूपी के आगरा में मौत के घाट उतार दिया था। कुख्यात चीकू फिलहाल जेल में बंद है, जबकि कुलदीप उर्फ डॉक्टर लगातार फरार चल रहा है।