हुडा बाईपास स्थित राव अभय सिंह चौक के पास शनिवार रात दो बदमाश पिस्तौल के बल पर चार युवकों से कार लूटकर फरार हो गए। अलवर निवासी पीड़ित युवकों की सूचना पर स्थानीय सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी भी की, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगे।
जानकारी के अनुसार जिला अलवर के गांव कान्हावास माजरा निवासी पंकज रामगढ़ भगवानपुर स्थित अपनी बहन के घर आया था। उसके साथ उसके तीन दोस्त भी थे।
रात करीब आठ बजे सभी कार से वापस घर लौट रहे थे। हुडा बाईपास पर राव अभय सिंह चौक के निकट पहुंचने के बाद पंकज ने पानी की बोतल लेने के लिए कार रोक दी।
चारों कार से उतरकर दुकान की तरफ चलने लगे तो इसी दौरान दो युवक हाथ में पिस्तौल लेकर पहुंचे। दोनों बदमाशों ने युवकों को पिस्तौल दिखाई और उनकी कार लेकर फरार हो गए।
सूचना पर नाकाबंदी लगाने के बावजूद बदमाशों के हाथ न लगने पर पुलिस ने पंकज की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।