धारूहेड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार रात पशु चोर गिरोह पर शिकंजा कसते हुए गिरोह के चार अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने 12 पशु चोरी की वारदात कबूल की हैं। ये जानकारी एएसआई सुरेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान जिला नूंह के गांव पथरेड़ी निवासी मुश्ताक व पिनंगवा निवासी दिलशाद, इरशाद और इरफान के रूप में हुई है।
एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गत 14 मार्च को गांव निगानियावास निवासी अतर सिंह की भैंस और कटडे़ चोरी किए थे। पुलिस से सामना होने पर गोली चलाते हुए भैंसों और अपनी पिकअप गाड़ी को खेतों में छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस ने अतर सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों मुश्ताक, इशराक उर्फ इस्सर तथा रशीद उर्फ काला को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर चोरी, आर्म्स एक्ट व हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।