कुंड चौकी क्षेत्र में रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर गांव पालड़ा के पास वीरवार को अनियंत्रित डंपर ने कार को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों वाहन पलट गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया। वहीं घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
-----------
गुरुग्राम के शादी समारोह में होने जा रहे थे शरीक
महेंद्रगढ़ के गांव सुराणा निवासी राहुल(29), गांव डेरोली अहीर निवासी नीरज व ओमप्रकाश के साथ वीरवार सुबह अपनी कार से गुरुग्राम में किसी शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव पालड़ा के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीरज व ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर व कार दोनों पलट गए और डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
--------------
डंपर और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
-अरविंद कुमार, चौकी प्रभारी, कुंड पुलिस चौकी