अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
खोल थाना क्षेत्र के एक गांव से शुक्रवार रात छात्रा का अपहरण करके फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान दीपक के रूप में हुई। मामले में पुलिस अभी अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
बता दें कि कुछ युवक घर में सो रही बारहवीं कक्षा की छात्रा को अगवा कर ले गए थे। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने छात्रा के परिजनों से 20 लाख रुपये फिरौती भी मांगी। लेकिन शनिवार रात को अपहरणकर्ता छात्रा को उसके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए। छात्रा के घर पहुंचने के बाद रविवार रात को ही परिजनों ने खोल थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने छात्रा कि शिकायत पर दीपक और चार-पांच अन्य के खिलाफ घर में घुसकर अपहरण करने, जान से मारने की धमकी देने व फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया था। जांच अधिकारी एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी दीपक को सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपी फरार हैं।