अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। कसौला थाना क्षेत्र के गांव डवाना में बुधवार की शाम महिला द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में कसौला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान गांव डवाना निवासी रवि उर्फ मोनू के रूप में हुई है। मायका पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार गांव डवाना निवासी रवि कुमार की पत्नी 24 वर्षीय मनीषा ने बुधवार को अपने घर में फांसी लगा ली थी। मृतक के पिता गांव परखोत्तमपुर निवासी कंवर सिंह ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। कंवर सिंह ने अपनी शिकायत में कहा था कि उसने अपनी बेटी मनीषा की शादी करीब चार वर्ष पूर्व गांव डवाना निवासी रवि के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने मनीषा को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ही ससुराल पक्ष के लोगों ने बुधवार को मनीषा की हत्या कर दी। कसौला थाना पुलिस ने रवि सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने वीरवार शाम को आरोपी पति रवि को गिरफ्तार कर लिया।