हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कोसली कस्बे में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कस्बा कोसली के 3 युवकों को दिल्ली कोर्ट में क्लर्क लगवाने का झांसा देकर ठगा गया है। उन्हें ज्वाइनिंग से संबंधित फर्जी ई-मेल भी भेजी गई, लेकिन जब कोर्ट जाकर पता किया तो सबकुछ फर्जी निकला। कोसली थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
गांव टूमना निवासी बलवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महेन्द्रगढ़ जिले के गांव कुरावहटा निवासी धौलाराम उर्फ फतेहसिंह की बेटी की उनके गांव में शादी हुई है, जिसकी वजह से उसका टूमना गांव में आना-जाना लगा रहता था। अच्छी जान पहचान होने की वजह से धौलाराम उनके भी घर आ जाता था।
दिसंबर 2020 में धौलाराम ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार दिल्ली हाईकोर्ट में जज हैं। वह उनके बेटे को दिल्ली कोर्ट में क्लर्क लगवा सकता है। पहले तो बलवान उसकी बातों में नहीं आया, लेकिन जब धौलाराम ने गांव के ही सुरेश और सुशीला को भी उनके बेटों को नौकरी दिलाने के लिए तैयार कर लिया तो वह भी उसके जाल में फंस गया।
आरोप है कि धौलाराम ने जनवरी 2021 में बलवान के बेटे देवेन्द्र को नौकरी लगवाने के नाम पर 9 लाख कैश, सुरेश के बेटे अजय की नौकरी के लिए 4 लाख का चेक और सुशीला के बेटे मिलन को नौकरी दिलाने के नाम पर 7 लाख रुपये ले लिए। धौलाराम ने तीनों को बताया कि 21 मार्च 2021 को उनकी पक्की नौकरी लग जाएगी, लेकिन इस बीच अपने स्तर पर जांच की तो संदेह हुआ।
तीनों ने धौलाराम से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन धौलाराम ने विश्वास दिलाया कि वह नौकरी लगवा देगा। अगर नौकरी नहीं भी लगी तो ब्याज सहित पैसे लौटा देगा। बलवान की मानें तो धौलाराम किसी परिक्षित नाम के शख्स के टच में था, जिसके मार्फत वह नौकरी दिलाने की बात कर रहा था। धौलाराम की तरफ से बलवान के बेटे देवेंद्र को एक ई-मेल भेजी गई।
ईमेल में बताया गया कि 21 जुलाई 2021 को उनकी दिल्ली कोर्ट में ज्वाइनिंग है। देवेन्द्र के अलावा अजय व मिलन तीनों दिल्ली कोर्ट पहुंच गए। वहां जाकर पता किया तो जानकारी मिली की कोर्ट में क्लर्क की कोई पद ही नहीं है। तीनों धौलाराम के पास अपने पैसे मांगने पहुंचे, लेकिन आज तक उन्हें पैसे वापस नहीं मिले। उल्टे उन्हें ही जान से मारने की धमकी दी जा रही है। कोसली पुलिस ने बलवान की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
टूमना के बलवान की शिकायत पर जिला महेंद्रगढ़ के गांव कुुराहवटा निवासी धौलाराम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।
- सुमेर सिंह, थाना प्रभारी, कोसली