अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा।
विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को शहर के रेवाड़ी रोड स्थित उप तहसील कार्यालय से पटवारी विजय कुमार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार उप तहसील कार्यालय में कार्यरत पटवारी विजय कुमार कई दिनों से जमीन के इंतकाल के नाम पर खंडेवला निवासी बलबीर सिंह से रिश्वत मांग रहा था। बलबीर ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। प्रशासन ने एएफएसओ अनिल यादव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर टीम बनाई। इसके बाद बलबीर सिंह को पाउडर लगे 15 हजार रुपये देकर विजय कुमार के पास भेज दिया। पटवारी विजय कुमार के पैसे हाथ में लेते ही विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया।
सुबह के समय खंडेवला निवासी बलजीत ने पटवारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी, जिसके बाद पटवारी को रंगे हाथों काबू कर लिया। किसी भी विभाग में यदि किसी कर्मचारी या अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है तो उसकी सूचना तुरंत विजिलेंस को दें। भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-ओमप्रकाश भारद्वाज, इंस्पेक्टर, विजिलेंस