रेवाड़ी। गांव मोहदीनपुर से टहना की ओर जाने वाले मार्ग पर वीरवार रात को दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। हादसे में एक की मौत हो गई। दूसरी ओर बावल रोड पर गांव करनावास के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार गांव रोहडाई निवासी 29 वर्षीय दीपक वीरवार की रात को मोटरसाइकिल पर गांव मोहदीनपुर से टहना की ओर आ रहे थे। गलत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार ने दीपक की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दीपक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। घायल दीपक को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। परिजन उपचार के लिए दीपक को शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद रोहडाई थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर पुलिस ने बताया कि गांव गुरावड़ा निवासी 25 वर्षीय विजय कुमार बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। 26 जून की सुबह वे मोटरसाइकिल पर बावल रोड से जा रहे थे। गांव करनावास के निकट अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हालत में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद माडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।