धर्म जांच के मामले में पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के बस स्टैंड पर महिला के साथ मारपीट एवं पति का धर्म पता करने के लिए पेंट उतरवाने के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिला ने पुलिस पर सत्ता के दवाब में कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
वीरवार को शिकायत लेकर सचिवालय पहुंची पीड़िता ने बताया कि कुछ लोग घर जाकर धमकी दे रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो सीएम से मिलकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। बता दें कि दस अक्तूबर को एक महिला दंपति के साथ करीब 8-10 लोगों ने बस स्टैंड पहुंचकर मारपीट करने के साथ धर्म पता करने के लिए पति की पेंट तक उतरवा दी थी। आरोप था कि युवक ने बहकाकर महिला से शादी की थी। दंपति ने प्रेम विवाह किया था और नूंह से महेंद्रगढ़ जा रहा था। वीरवार को रेवाड़ी पहुंची पीड़ित महिला का आरोप है कि पुलिस दवाब में कार्रवाई करने से बच रही है जबकि उसने आरोपी महिला को पहचान लिया था।
---
मामले में चौकी इंचार्ज हो चुका है सस्पेंड
दस अक्तूबर को घटना के बाद महिला द्वारा शिकायत करने के बाद भी चौकी इंचार्ज ने कार्रवाई नहीं की थी। महिला ने सीएम विंडो सहित एसपी को मामले की शिकायत दी थी। इसके बाद 6 नवंबर को एसपी संगीता कालिया ने बस स्टैंड चौकी इंचार्ज को लापरवाही बरतने के मामले में सस्पेंड कर दिया था। वहीं नामजद महिला सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
---
मामले के समय मैं छुट्टी पर था। मामले की फाइल मंगवाकर पढ़ने के बाद जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी।
नरेंद्र सिंह, एसएचओ, सिटी