मां से बात करने पर बेटे ने की युवक की हत्या
- चचेरे भाई के साथ शुक्रवार रात का कुल्हाड़ी और रॉड से किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
गांव राजगढ़ में शुक्रवार देर रात एक शख्स को गांव के ही युवक का उसकी मां से बात करना नागवार गुजरा। उसने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर घर के सामने ही रहने वाले युवक का पीछा कर खेत में रॉड और कुल्हाड़ी से हमलाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भाग गए। वहीं सूचना पर पहुंची रामपुरा थाना पुलिस ने रात में शव को मोर्चरी में रखवाने के साथ ही मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
इसी साल फरवरी में हुई थी शादी
गांव राजगढ़ निवासी अमर सिंह (21) की शादी इसी साल फरवरी महीने में हुई थी। अमर सिंह के घर के सामने ही रोहताश सिंह का घर है। पुलिस के अनुसार अमर रोहताश सिंह की पत्नी ओमवती से शुक्रवार रात बात कर रहा था। इसी दौरान ओमवती का बेटा आकाश अपने चचेरे भाई रविंद्र के साथ वहां पहुंचे। अमर को मां से बात करता देख आकाश आग-बबूला हो गया और उसकी अमर से कहासुनी हो गई।
विवाद बढ़ने पर आकाश और रविंद्र दौड़कर घर पर रखी कुल्हाड़ी और रॉड ले आए। आकाश और रविंद्र को हथियारों से लैस देख अमर सिंह ने शोर मचाते हुए खेतों की ओर दौड़ लगा दी। शोर सुनकर अमर के परिजन भी बाहर निकले। इस बीच आकाश और रविंद्र ने पीछा करते हुए गांव के पास ही एक खेत में अमर सिंह के सिर पर रॉड से वार कर दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी और रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी।
ग्रामीणों के पहुंचने से पहले हुए फरार
शोर-शराबा सुनकर परिजनों ने भी अमर सिंह को बचाने के लिए आरोपी आकाश और रविंद्र का पीछा किया। लेकिन जब तक आरोपी मौके पर पहुंचते तब तक अमर सिंह पर कई ताबड़तोड़ वार कर आरोपी भाग गए थे। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर रामपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
आरोपियों की तलाश शुरू
शनिवार सुबह मृतक अमर सिंह के भाई बदलूराम ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दी शिकायत के आधार पर पुलिस ने ओमवती, उसके बेटे आकाश और भतीजे रविंद्र के खिलाफ हत्या और अन्य आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक हत्या के आरोपियों की लोकेशन राजस्थान के किसी गांव में उनके रिश्तेदारों के यहां मिली है, जिसके आधार पर एक पुलिस टीम गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
कोट
हत्या की वारदात में मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। वारदात को कुल्हाड़ी और रॉड से अंजाम दिया गया है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सतपाल सिंह, डीएसपी, रेवाड़ी
........10,11,19,20