नाना ने दोस्त के साथ मिलकर बनाया नाबालिग को हवस का शिकार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
रिश्ते एक बार फिर कलंकित हुए हैं। सगा नाना मासूम नाबालिग का सालों तक शोषण करता रहा। सिर्फ नाना ने ही नहीं बल्कि उसके दोस्त ने भी नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाया। इस दंश को झेल रही नाबालिग की पीड़ा जब प्रशासन तक पहुंची तो शुक्रवार को एक रेस्क्यू टीम बनाई गई। टीम ने नाबालिग को नरक से मुक्त कराया। नाबालिग का मेडिकल कराकर इस मामले में बच्ची के नाना, बच्ची की मां और नाना के दोस्त सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग पिता से अलग मां के साथ रह रही थी।
जिला प्रशासन को शिकायत मिली कि एक बच्ची का उसके परिवार के लोग ही शोषण कर रहे हैं। लिखित शिकायत के साथ ही बच्ची की पीड़ा का ऑडियो और वीडियो भी भेजा गया था। शिकायत मिलने के बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी दीपिका यादव और सदस्य राकेश भार्गव, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी सदस्य उपासना गुप्ता, प्रोटेक्शन अधिकारी सरस्वती और करुणा, सामाजिक कार्यकर्ता सोनू और एएसआई कुसुम की टीम बनाई गई। टीम बच्ची के घर पहुंची और उससे बातचीत की। बच्ची ने टीम के सामने अपने जिस दर्द को बयां उसे सुनकर हर कोई हिल गया। 15 साल की नाबालिग ने बताया कि करीब दस सालों से उसके माता-पिता अलग रह रहे हैं। मां नाना के घर के पास ही रहती है। वे लोग भी मां के साथ रहते हैं। वे तीन बहनें और एक भाई हैं। नाबालिग ने बताया कि करीब तीन-चार सालों से उसके नाना ही उसका यौन शोषण कर रहे हैं। इतना ही नहीं नाना ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर भी उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। जब कभी नानी घर पर नहीं होती थी, तो नाना उससे गलत काम करते थे। वहीं, शहर में ही रहने वाला एक अन्य शादीशुदा युवक भी नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा। नाबालिग की इस पीड़ा को सुनकर रेस्क्यू टीम ने उसका मेडिकल कराया है।