रेवाड़ी। पुलिस ने बुधवार रात को महेंद्रगढ़ से मेवात ले जाए जा रहे गायों से भरे एक ट्रक को काबू कर डेढ़ दर्जन गायों को मुक्त कराया। जबकि गोतस्कर मौके से फरार हो गए। रामपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रामपुरा थाना पुलिस के अनुसार बुधवार रात को करीब तीन बजे सूचना मिली कि कनीना की ओर से एक ट्रक में गायों को लादकर मेवात की ले जाया जा रहा है। पुलिस की पीसीआर भी ट्रक का पीछा कर रही है। सूचना के बाद पुलिस ने महेंद्रगढ़ रेलवे फाटक के समीप नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान ट्रक को जांच के लिए रोकने का इशारा किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन रेलवे फाटक बंद होने के कारण गोतस्कर ट्रक को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर उसमें भरे गौवंश को मुक्त कराया। रामपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ट्रक के कागजातों के आधार पर जांच कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि गोतस्करों व पुलिस की कई बार मुठभेड़ होने के बावजूद भी जिला में गोतस्करों को पुलिस का खौफ नजर नहीं आ रहा है। शहर में गोतस्करों व पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी की मौत हो चुकी है, जबकि एक एसपीओ को कुचल दिया गया था। इस वर्ष अभी तक एक दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। गोतस्करों को शिकंजा कसने के लिए पुलिस की ओर से रातभर गश्त करने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद भी जिला के रास्ते मेवात को जाने वाले गोतस्करों पर लगाम नहीं लगाई जा सकी है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर दी तथा गोतस्करों दबोचने के लिए वाहनों की जांच शुरू कर दी गई थी। लेकिन पुलिस को देखकर बदमाश गौवंश से भरा ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही बदमाशों को काबू कर लिया जाएगा।
विद्यासागर, एसएचओ रामपुरा