शहर के हुड्डा बाईपास स्थित एक होटल के सेफ्टी टैंक की खराब मोटर को बाहर निकालने के लिए उतरे होटल के रसोइया व मोटर मिस्त्री की जहरीला गैस से दम घुटने से मौत के मामले माडल टाउन थाना पुलिस ने होटल संचालक सहित दो अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में किसी भी आरोपी को काबू नहीं किया गया है। जबकि शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। उधर, पुलिस ने सेफ्टी टैंक के मापदंडों को लेकर भी जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि हुड्डा बाईपास स्थित एक होटल की दिवार से सटे सेफ्टी टैंक की खराब मोटर को ठीक कराने के लिए सोमवार दोपहर बाद होटल की तरफ से गांव बवाना गुर्जर निवासी करीब 32 वर्षीय रामजस को बुलाया गया। इस कार्य में होटल के रसोइये करीब 22 वर्षीय देवेन्द्र को भी मदद के लिए लगा दिया गया था। दोनों ने सेफ्टी टैंक को खोलकर मोटर को बाहर निकाल लिया। लेकिन टैंक की गंदगी की सफाई के लिए दोबारा नीचे जाने पर जहरीली गैस से दम घुटने के कारण दोनों की मौत हो गई थी। माडल टाउन थाना पुलिस ने मृतक रामजस के भाई धर्मबीर की शिकायत पर होटल संचालक सतीश, प्रबंधक मनीष व एक अन्य कर्मी जगदीश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सेफ्टी टैंक के मापदंडों की भी जांच शुरू
बताया जा रहा है कि जिस सेफ्टी टैंक में यह हादसा हुआ उसके निर्माण में भी हुड्डा के मापदंडों की भी अव्हेलना की गई है। हालांकि पुलिस ने सभी एंगलों से मामले की जांच शुरू कर दी है। नियमानुसार सेफ्टी टैंक का सीवरेज की लाइन के समीप होनी चाहिए।
मोटर निकालते वक्त नहीं थे सुरक्षा के उपकरण
सेफ्टी टैंक से मोटर निकालते समय मिस्त्री व रसोइये को किसी भी प्रकार सुरक्षा के उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। परिजनों का कहना है कि होटल प्रबंधन द्वारा मोटर को बाहर निकालते समय सुरक्षा के उपकरण उपलब्ध कराए गए होते तो दोनों की जान को बचाया जा सकता था।
शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के भाई की शिकायत पर होटल संचालक सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सभी एंगलों से मामले की जांच शुरू कर दी है।
-एएसआई सुरेश कुमार, जांच अधिकारी थाना मॉडल टाउन।