फोटो : 33लोक विश्रामगृह में बैठक लेते विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। संवाद
बावल। स्थानीय विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने लोक विश्रामगृह में नागरिकों की समस्याएं सुनी और बनीपुर चौक पर निर्माणधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने बताया कि बावल-प्राणपुरा रोड का चौड़ीकरण किया जाएगा और वन विभाग की समस्या का समाधान हो चुका है, जिससे जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
विधायक ने प्रशासन को दुकानदारों और रेहड़ी वालों को अतिक्रमण के नाम पर परेशान न करने के निर्देश भी दिए। किसानों को खराब फसल का मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि कन्या महाविद्यालय और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और शेष कार्य जल्द पूरा होने पर उद्घाटन किया जाएगा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शुरू होते ही लोगों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी, जिससे शहर में ट्रैफिक जाम में कमी आएगी।
डॉ. कृष्ण कुमार ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर निर्माणधीन पुल का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। बारिश के कारण धीमी गति से चल रहे कार्यों को तेज करने के लिए एचएसआईडीसी अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र के गड्ढे भरने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष रमेश झाबुआ, निहाल सिंह चौकन, नपा उपप्रधान अर्जुन चौकन, भीम सरपंच झाबुआ, पूनम बोहत, ईश्वर सिंह, समाजसेवी अनिल रायपुर और दर्जनों गांवों के सरपंच उपस्थित रहे।
डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि अगले एक साल में कस्बे की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।