फोटो : 36विधायक अनिल यादव लोगों की समस्या सुनते। संवाद
कोसली। जाटूसाना ब्लॉक कार्यालय में विधायक अनिल यादव ने जन शिकायतों की सुनवाई की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि इस बार की रिकॉर्ड बारिश से कोसली हलका भी अछूता नहीं रहा है और पानी की निकासी के लिए हरियाणा सरकार ने आदेश जारी किए हैं।
विधायक ने बताया कि हाल ही में उन्होंने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर कोसली में जलभराव दूर करने हेतु ठोस परियोजना लागू करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि स्थाई प्रबंध किए जाएंगे और ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा जारी कर दिया गया है। खरीफ सीजन में नुकसान उठाने वाले किसान ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपना डेटा अपलोड कर सकते हैं।
अनिल यादव ने कहा कि कोसली की प्रगति के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यहां आईएमटी मंजूर होने से औद्योगिक उन्नति और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि प्रवीण कुमार, वाइस चेयरमैन विक्रम सिंह, बीडीपीओ सुनीता देवी, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र, मौसमी रानी और उदयभान डागर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।