कोसली। करनाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस की ओर से दो सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश डाबला ने कहा कि करनाल में 28 अगस्त को पुलिस द्वारा किसानों पर लाठीचार्ज किया जाना निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश की भाजपा सरकारें लोगों से झूठे वादे करके जबसे सत्ता पर काबिज हुई हैं, तब से लगातार जनविरोधी निर्णय लिए जा रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दिशा निर्देशानुसार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैैलजा के नेतृत्व में हरियाणा कांग्रेस किसानों पर लाठीचार्ज, भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन और परिवार पहचान पत्र सहित मुद्दों को लेकर दो सितंबर को सुबह 10 बजे जिला मुख्यालयों पर रोष प्रदर्शन करेगी। इसके बाद डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा जाएगा।