राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय मंत्री।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कड़े संघर्ष व लंबे इंतजार के बाद अब जिले के माजरा गांव में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। अब शीघ्र ही यहां एम्स बनाने का सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि एम्स निर्माण के लिए आवश्यक 228 एकड़ भूमि की आवश्यकता थी। गांव के लोगों ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के लिए उदारता से भूमि उपलब्ध कराई है। इसके लिए उन्होंने ग्रामवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने इस प्रोजेक्ट की महत्ता को समझते हुए आगे बढ़कर भूमि उपलब्ध कराई। अब चूंकि एम्स के लिए पर्याप्त भूमि लोगों द्वारा दी जा चुकी है तो अब इसके बनने में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं रह गई है। उन्होंने बताया कि काफी समय से गांव के लोगों द्वारा जमीन देने के एवज में मुआवजे को लेकर सरकार से गतिरोध पैदा हो गया था। ग्रामीण लोगों की मांग थी कि उन्हें 50 लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा मिलना चाहिए और इसके लिए लोगों ने संघर्ष भी किया। उन्होंने कहा कि 228 एकड़ जमीन अपलोड कर क्षेत्र के लोगों ने सराहनीय कार्य किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जमीन राज्य सरकार को देनी है और केंद्र सरकार को इसका निर्माण करवाना है।