रेवाड़ी। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में सोमवार को जिला पुलिस की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों और पुलिस लाइन परिसर में पुलिसकर्मियों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। अभियान में थाना प्रभारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ महिला पुलिसकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पुलिस जवानों ने पुलिस लाइन के मैदान और पार्क सहित थाना व चौकी परिसरों में सफाई की। इस दौरान इकट्ठा हुए कूड़े-कचरे को एकत्रित कर परिसर को स्वच्छ बनाया गया। पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यस्थल को साफ रखने और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प भी लिया। एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। श्रमदान स्वेच्छा से किया जाने वाला कार्य है, जिसमें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरे मन से भाग लेना चाहिए। स्वच्छ वातावरण का सीधा प्रभाव व्यक्ति की मानसिक और शारीरिक स्थिति पर पड़ता है। इसलिए प्रतिदिन अपने आसपास सफाई को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्रमदान से लोगों में स्वच्छता, समाज सेवा और हरित पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। जिला पुलिस की ओर से भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे।