नशा मुक्ति केंद्र का दौरा करतीं सीजेएम डॉ. रेनू सोलखे। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व सीजेएम डॉ. रेनू सोलखे ने शुक्रवार को नशा मुक्ति केंद्र और वन स्टॉप सेंटर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र के कार्यों की समीक्षा की।
नशा मुक्ति केंद्र में वोकेशनल काउंसलर ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में 9 रोगी हैं। दीपा काउंसलर रोगियों की काउंसलिंग करती हैं और नशा छोड़ने के लिए जागरूक करततीहैं।
सीजेएम डॉ. रेनू सोलखे ने कहा कि कानूनी सहायता के बारे में सभी को बताया जाए ताकि जरूरतमंद कानूनी सहायता का लाभ उठा सकें। विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग के लोगों के लिए निशुल्क कानूनी सेवाएं मुहैया कराना है।
डॉ. रेनू सोलखे ने वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं पीड़िता को दी जा रही सहायता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़िता को कानूनी एवं चिकित्सकीय सहायता समय पर दिलाने के निर्देश दिए।
वन स्टॉप सेंटर प्रभारी ने सीजेएम को केंद्र की कार्यप्रणाली एवं वर्तमान में दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे चिकित्सा, पुलिस सहायता, कानूनी सलाह एवं अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराना है।