पटौदी रोड पर गांव डोहकी के निकट हुए हादसे के मामले में सदर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे में गुरुग्राम निवासी महिला की मौत हो गई थी। महिला के पति ने मोटरसाइकिल चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
सोमवार की शाम को गुरुग्राम के सेक्टर-104 टेकचंद नगर निवासी अजय, पत्नी काजल के साथ अल्टो कार में गांव गंगायचा अहीर आ रहे थे। गंगायचा अहीर में काजल का मायका था। संतुलन बिगड़ने के कारण कार सड़क पर पलट गई थी और हादसे में काजल की गर्दन कटने से मौत हो गई थी। शिकायत में अजय कुमार ने कहा है कि यदुवंशी स्कूल से आगे निकलने के बाद सामने से अचानक एक युवक लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाता हुआ उनकी कार के आगे आ गया था। मोटरसाइकिल चालक को बचाने के प्रयास में उनकी कार सड़क पर पलट गई थी। सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और अजय की शिकायत पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।