रेवाड़ी में गारमेंट्स व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव जलालपुर निवासी शिव कुमार उर्फ एसपी के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
अपराध शाखा-1 इंचार्ज निरीक्षक सुमेर सिंह ने बताया कि गांव रानौली निवासी शीशराम ने अपनी शिकायत में बताया था कि उनके बेटे दिनेश कुमार ने जलियावास में गारमेंटस व किरयाना की दुकान कर रखी थी। 5 जुलाई को उसके बेटे दिनेश कुमार का जन्मदिन था जिसकी वजह से वह अपने बेटे को बुलाने के लिए दुकान पर गया था। उनकी दुकान से कुछ दूर पर एक मोमोज की रेहड़ी लगी हुई थी, जिस पर एसपी उर्फ शिव गांव जलालपुर एवं सुम्मी गुर्जर पातुहेड़ा व अमित पहलवान गांव आसलवास ये तीनों मोमोज खा रहे थे।
तीनों उसके बेटे के पास आए और झगड़ा करने लग गए। समझाने के बाद वह सभी वहां से चले गए। उसके बाद वह अपने बेटे के साथ दुकान के पास चौराहे पर आकर बैठ गया। थोड़ी देर बाद शिव कुमार सुम्मी व अमित एक कार में आए तथा शिव कुमार के दो दोस्त सचिन व देवेन्द्रने अपनी बाइक पर आए। किसी रंजिश को रखते हुए उसके बेटे दिनेश के साथ झगडा करने लगे।
इसके बाद शिव कुमार ने उसके बेटे दिनेश को गोली मार दी और अभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाने पर दिनेश को मृत्य घोषित कर दिया। जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कसौला में हत्या का मामला दर्ज करके मामले में एक आरोपी सुनील उर्फ सुम्मी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में मुख्य आरोपी गांव जलालपुर निवासी शिव कुमार उर्फ एसपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस द्वारा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।