आज के दौर में हर कंपनी अथवा संगठन अपना प्रचार-प्रसार करना चाहता है। इसके लिए कंपनियां अपनी हाउस मैगजीन भी चलाती हैं, जिन्हें संचालित करने के लिए जनसंपर्क अधिकारियों की भर्ती की जाती है। सीधी भाषा में कहें तो जनसंपर्क अधिकारी का काम किसी भी संस्था या संगठन की छवि सुधारना व उसका प्रचार-प्रसार करना होता है। इसलिए यह फील्ड आपके करियर के लिए बेहतर विकल्प है। जनसंपर्क अधिकारियों को संचार या मीडिया विशेषज्ञों के रूप में भी जाना जाता है। संचार के सभी प्रकार, मौखिक जैसे कि प्रवक्ता, लिखित प्रेस विज्ञप्ति जारी करना और विज्ञापन देना इत्यादि जनसंपर्क अधिकारी के ही काम हैं। इस क्षेत्र में आप के लिए रोजगार की आपार संभावनाएं हैं। इस बारे में जानिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, मंदौला के प्राचार्य ओमप्रकाश यादव की राय
जनसंपर्क अधिकारी बनने के लिए योग्यता
जनसंपर्क अधिकारी बनने के लिए किसी विश्विद्यालय से 60 प्रतिशत अंकों के साथ मास मीडिया की स्नातक डिग्री होनी चाहिए। जिसमें पब्लिक रिलेशन अथवा मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री वाले विद्यार्थी को प्राथमिकता दी जाती है। वहीं, संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव भी होना चाहिए। इसके अलावा हर कंपनी या संगठन अपने हिसाब से योग्यता तय करते हैं। कुछ कंपनियां बिना किसी अनुभव प्रमाण पत्र के भी भर्ती करती हैं।
जनसंपर्क अधिकारी बनने के लिए क्या करें
जनसंपर्क अधिकारी बनने लिए 12वीं कक्षा पास करने के बाद बीजेएमसी या बीए जर्नलिज्म में एडमिशन लेना होगा, जिसके लिए अलग-अलग कॉलेज अपने हिसाब से एडमिशन लेते हैं। किसी भी मान्यता प्राप्त कॉलेज से डिग्री करने के बाद आप जनसंपर्क अधिकारी के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि सभी संस्थाएं अपने-अपने हिसाब से भर्ती करती हैं। इस फील्ड में आप एक अच्छे मीडियाकर्मी भी बन सकते हैं।
बीजेएमसी के लिए बेस्ट कॉलेज : आप बीजेएमसी करना चाहते हैं तो दिल्ली विश्वविद्यालय नई दिल्ली, सिम्बायोसिस इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया एंड कम्यूनिकेशन पूणे, जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी जयपुर, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी चंडीगढ़, मनिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कम्यूनिकेशन मनिपाल, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल बेस्ट कॉलेज हैं। इसके अलावा बीजेएमसी के लिए राम लाल आनंद कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय का बेस्ट कॉलेज है, जिसके पास अपना कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन है।
मीडिया संस्थानों के साथ जुड़कर सीखने का करें प्रयास:
इसमें किताबी ज्ञान के साथ-साथ समाज का ज्ञान भी होना चाहिए, क्योंकि एक जनसंपर्क अधिकारी का टारगेट समाज ही होता है। हिंदी की अच्छी पकड़ हो व साहित्य का ज्ञान हो। सोशल मीडिया चलाना आता हो, पेज मेकिंग, पेज डिजाइनिंग, विज्ञापन निर्माण यानी पेज लेआउट के सिद्धांतों की जानकारी हो। इसके लिए आप छोटे-छोटे मीडिया संस्थानों में जाकर सीख सकते हैं।