बीएमजी मॉल में तोड़ा गया शीशा।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। शहर के बीएमजी माल में शुक्रवार रात नशे में धुत युवकों ने मॉल में जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि जब मॉल कर्मचारियों ने उनका विरोध किया तो उन्होंने उनकी पिटाई की। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान जिला दादरी के गांव भौडी मकड़ाना निवासी दिलबाग उर्फ राजू, नारनौल की इंद्रा कॉलोनी निवासी अमित उर्फ गुर्जर, चंदूवाड़ा निवासी विशाल और मोहल्ला कोहिलिया निवासी हिम्मत के रूप में हुई हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस शनिवार को भी मॉल में पहुंचकर जांच की।
पुलिस के अनुसार यहां के कर्मचारी ने अजय ने बताया कि रात करीब आठ बजे चार गाड़ियों में सवार होकर 29 लोग बीएमजी माल पहुंचे थे। इनमें 10 मंगलामुखी भी थे और बाकी उनके साथी युवक थे। इन लोगों ने माल की पार्किंग में अपनी चारों गाड़ियां खड़ी कर दी थीं। लोगों ने सिनेमा हाल में लगी फिल्म के आखिरी शो की 29 टिकटें लीं तथा सीधे मॉल की दूसरी मंजिल पर पहुंच गए। शो का समय 8:40 बजे था और इससे पहले वह इधर-उधर घूमने लगे थे। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक महिलाओं के शौचालय में घुस गया। युवक के महिला शौचालय में प्रवेश करने पर वहां पहले से मौजूद एक महिला ने शोर मचा दिया। इस पर मॉल के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा जगन गेट चौकी पुलिस को भी मामले की सूचना दी।
इसके बाद युवक और उनके साथी मंगलामुखी सिनेमा हाल के गेट पर पहुंच गए। यहां पर टिकट जांच के दौरान उनकी वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी अजय के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद युवकों और मंगलामुखियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। इन लोगों ने स्टील के बने क्यू मैनेजर उठाकर शीशों पर पटक दिए। साथ ही सामान उठाकर फेंकने लगे। शिकायतकर्ता अजय ने बताया कि आरोपी एक-दूसरे को धीरज, विशाल, ऋषि, दीपक और राहुल आदि नाम लेकर बोल रहे थे। आरोपियों ने स्टील के क्यू मैनेजर उठाकर उसपर भी हमला बोल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने अजय के गले से सोने की चेन भी छीन ली और मॉल के अन्य कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की। शहर थाना पुलिस प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मॉल के कर्मचारी अजय की शिकायत पर पिटाई और लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। साथ ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अफरातफरी का रहा माहौल
मॉल में तोड़फोड़ की सूचना के बाद शहर थाना पुलिस भी पहुंच गई थी। इस दौरान मॉल में खाना खाने और शॉपिंग के लिए आए लोगों में अफरातफरी मच गई और हर कोई छिपने की कोशिश में लग गए। खाना खा रहे लोग भी उठकर भागने लगे।