होटल से खाना खाकर बाइक पर लौट रहे दंपती को बनीपुर चौक पर स्थित पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
कुतुबपुर निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिजली निगम में डीसी रेट पर काम करता है, जबकि उसकी पत्नी बावल की एक कंपनी में काम करती थी। मंगलवार रात में वह बनीपुर चौक स्थित एक होटल में खाना खाने के बाद पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। होटल से कुछ दूर चलते ही बनीपुर चौक पर पीछे से आई एक कार के चालक ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिसमें दोनों को काफी चोटें आईं। लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर उसकी पत्नी सोनम की मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।