रेवाड़ी। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना गरीब परिवारों के कल्याण एवं उत्थान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही एक अनूठी योजना है। इस योजना के तहत जिले के वास्तविक लाभार्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उक्त बातें डीसी यशेंद्र सिंह ने कहीं हैं। वे मंगलवार को मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना व परिवार पहचान पत्र से संबंधित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से मेलों में शामिल लोगों से फीडबैक लिया जा रहा है। इस दौरान लाभार्थियों का मानना है कि सरकार द्वारा लगाए गए अंत्योदय मेले उनके लिए लाभकारी सिद्ध हुए हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी परिवार पहचान पत्र में दर्शाई गई आय, जाति व दिव्यांगजन के सत्यापन के कार्य में तेजी लाएं और इसे कार्य को शीघ्र पूरा करवाएं। ताकि योग्य लाभपात्रों को इस योजना के तहत लाभांवित किया जा सके। इस कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई व लापरवाही सहन नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सत्यापन का कार्य पूरा होने से पात्र लाभार्थियों को सही समय पर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
डीसी ने कहा कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के आंकड़ों के आधार पर सरकार की ओर से गरीब परिवारों की पहचान की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पीपीपी से संबंधित विभिन्न विभागों से संबंधित कार्य में तेजी लाएं और इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करवाएं। इस दौरान बैठक में एडीसी आशिमा सांगवान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।