रेवाड़ी। मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में 13 जुलाई को जिला स्तरीय पांच किलोमीटर ड्रग एब्यूज अवेयरनेस मैराथन आयोजित की जाएगी। सुबह 7 बजे मैराथन का आयोजन विद्यार्थी कल्याण विभाग और यूथ रेड क्रॉस द्वारा जिला एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से किया जाएगा।
विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता प्रो. करण सिंह ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी युवा प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। पंजीकरण निशुल्क है। जिला एड्स नियंत्रण समिति के मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष ने बताया कि हरियाणा सरकार की पहल पर प्रदेश के सभी जिलों में नशा मुक्ति जागरूकता के लिए ऐसी मैराथन आयोजित की जा रही हैं।
जिले की मैराथन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र दहिया और उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप यादव के निर्देशन में आईजीयू परिसर में कराई जाएगी। आयोजन में मेडिकल ऑफिसर डॉ. खुशबू यादव भी सहयोग करेंगी। विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक छात्र कल्याण प्रो. अदिति शर्मा, सहायक निदेशक डॉ. सुशांत यादव तथा वाईआरसी कार्यक्रम समन्वयक प्रो. समृद्धि आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।
प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। प्रथम विजेता को 2500 रुपये, द्वितीय को 1500 रुपये, तृतीय को 1 हजार रुपये तथा चतुर्थ और पंचम स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 500-500 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा शीर्ष तीन पुरुष और तीन महिला विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।