रेवाड़ी। सरकार ने गांव टींट के उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएससी) में अपग्रेड करने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से टींट गांव और आसपास के लोगों में खुशी है। अब उन्हें बुनियादी और आपातकालीन इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि क्षेत्र के निवासियों ने उनसे मिलकर यह मांग की थी। ग्रामीणों ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या के कारण वर्तमान उप-स्वास्थ्य केंद्र की क्षमताएं कम पड़ रही हैं। इसलिए चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देना जरूरी था। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों की सेहत सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीणों की मांग पूरी करते हुए विभाग ने स्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने की स्वीकृति दी है। केंद्र के अपग्रेड होने से डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता बढ़ेगी। इससे स्थानीय स्तर पर चौबीसों घंटे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, प्रसव सुविधाएं और बुनियादी जांचें मिल सकेंगी।