रेवाड़ी। पुलिस ने 9.46 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी छत्तीसगढ़ के जिला बिलासपुर के श्याम नगर लिंगीयाडीह निवासी कृष्ण दास उर्फ केडी है। पुलिस इस मामले में 11 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। एसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार गांव पीथनवास निवासी जयकृष्ण आभीर ने 22 सितंबर को शिकायत दी थी कि वह 24 अगस्त 2025 को एक सोशल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े थे। आरोपियों ने उन्हें स्टॉक मार्केट में निवेश करने का लालच दिया।
विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में उनसे कुल 9 करोड़ 46 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब जयकृष्ण ने निवेश की गई राशि निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने और पैसा जमा कराने की मांग की। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से करीब 10 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।