सुभाष पार्क में धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। सुभाष पार्क में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का विरोध धरना 74 वें दिन शनिवार को भी जारी रहा। जिला प्रधान तारा देवी ने धरने की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हमारी कमेटी के नेताओं को सरकार ने 21 फरवरी को चंडीगढ़ बातचीत के लिए बुलवाया है। अगर सरकार ने मांगें मान ली तो ठीक है, अन्यथा बहनें मुख्यमंत्री का पुतला फूंकेंगी और रोड जाम करेंगी।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 2018 में मानी गई मांगों को स्वीकार किए बिना हम किसी भी सूरत में काम पर नहीं लौटेंगे। इसके साथ ही सरकार को हमारी उन बहनों को सेवा में तुरंत बहाल करना होगा, जिनको इस आंदोलन की वजह से सेवा से निलंबित कर दिया गया। इस मौके पर इन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को भी आड़े हाथ लेते हुए इनकी कार्यशैली की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि अधिकारी हमारी एकता को तोड़ने के लिए फूट डालो और राज करो वाली नीति नहीं अपनाएं तो बेहतर होगा। वरना इसकी कीमत उन्हें चुकानी पड़ेगी। धरने में जाटूसाना खंड के गांव करावरा की आंगनबाड़ी सहायिका उर्मिला के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट करते हुए सभी धरनारत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा और परमात्मा से दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। धरने में सुमन, सुमित्रा, सन्तोष, शारदा, सविता, मुकेश, बिन्दू, राजबाला आदि ने बात रखी।