रेवाड़ी। शहर के गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक सोसाइटी में नाबालिग के खिलाफ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने परिवार वालों को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आपबीती परिवार को बताई तो वे पुलिस के पास पहुंचे। फिलहाल पिता की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि वह गढ़ी बोलनी रोड स्थित एक सोसाइटी के बीपीएल फ्लैट में रहता है। आरोपी युवक ने 7, 8 व 17 अगस्त को उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसने हर बार धमकी दी कि यदि घर जाकर बताया तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार दूंगा। जब आरोपी ने ज्यादा परेशान करना शुरू कर दिया तो नाबालिग ने पूरा मामला अपनी मां को बताया। इसके बाद परिवार ने थाना मॉडल टाउन में शिकायत दी। मामले की जांच कर रही सब इंस्पेक्टर बलवती ने बताया कि शिकायत के बाद पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराकर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।