रेवाड़ी। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2009 बैच के अधिकारी अशोक कुमार गर्ग ने मंगलवार को में डीसी का पदभार संभाला। इससे पहले वे नगर निगम हिसार में आयुक्त थे। वे हरियाणा के कई जिलों रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि लंबित विकास कार्यों को गति देना उद्देश्य रहेगा। इसके बाद उन्होंने कार्यालयों का निरीक्षण किया। विभागों के अधिकारियों को चेताया कि अगर किसी कार्यालय में गंदगी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने कहा कि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से लोगों की सेवा करने का मौका भाग्यशाली व्यक्ति को ही मिलता है। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी का निवर्हन पूरी निष्ठा, लग्न व ईमानदारी से करें। डीसी अशोक कुमार गर्ग अपने मधुर, सौम्य व मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने जिला सचिवालय में स्थित कार्यालयों का बारी-बारी से निरीक्षण किया और विभागाध्यक्षों को कार्यालयों और शौचालयों की भी प्रतिदिन सफाई कराने के निर्देश दिए। कहा कि अपने अधीनस्थ कार्यालयों व शौचालयों की अच्छी तरह से साफ-सफाई कराना विभागाध्यक्षों का परम कर्तव्य है, जिस कार्यालय क्षेत्र में गंदगी मिली या शौचालय साफ नहीं पाए गए तो उसके लिए संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होगा। अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
इससे पहले रेवाड़ी लोक निर्माण विश्राम गृह में पहुंचने पर एडीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल, एसडीएम रेवाड़ी सिद्धार्थ दहिया, एसडीएम बावल संजीव कुमार, सीटीएम देवेंद्र शर्मा, अतिरिक्त सीईओ जयप्रकाश, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, डीआरओ राकेश कुमार, डीएसपी जमाल खान सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने नवनियुक्त डीसी को पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।