रेवाड़ी। झज्जर जिला जेल में बंद एक आरोपी ने कुछ कैदियों से विवाद और हमले की आशंका जताते हुए रेवाड़ी जेल में स्थानांतरण करने की मांग की। सत्र न्यायाधीश संगीता राय सचदेव की अदालत ने आवेदन स्वीकार करते हुए आरोपी रवि को झज्जर जेल से रेवाड़ी जेल स्थानांतरित करने के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
आरोपी ने अपने अधिवक्ता हिमांशु सिराधना के माध्यम से अदालत में आवेदन देकर बताया कि वह रेवाड़ी जिले का स्थायी निवासी है और उसके परिवार के सदस्य व रिश्तेदार भी रेवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में रहते हैं। झज्जर जेल में रहने के कारण उसे और परिवार को परेशानी हो रही है।
साथ ही जेल में बंद कुछ कैदियों से उसकी शत्रुता और विवाद है। उसे आशंका है कि उस पर हमला किया जा सकता है या उसे धमकाया जा सकता है। दोनों जेलों के अधीक्षकों ने स्थानांतरण पर कोई आपत्ति नहीं जताई। 13 नवंबर को अदालत ने आवेदन स्वीकार कर स्थानांतरण के आदेश जारी किए।