रेवाड़ी। जिला पुलिस की टीमों ने जगह-जगह पर नाकाबंदी कर 926 वाहन चालकों की जांच की। इस दौरान नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में 52 वाहन चालकों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा के तहत ट्रैफिक नियमों की पालन कराने का निर्देश दिया है। इसके तहत सोमवार की रात जांच में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान किए गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क पर नशे में वाहन चलाने वालों के ऊपर कड़ा शिकंजा कसना था।
अक्सर देखने में आता है कि रात के समय काफी वाहन चालक नशे में धुत होकर वाहन चलाते हैं, जिससे वह अपने आप को तो खतरे में डालते ही हैं साथ में सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालक के लिए भी खतरा बन जाते है।
शराब पीकर गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता है और यह मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 185 के तहत दंडनीय अपराध है।