कोसली। स्थानीय स्टेट बैंक आफ इंडिया शाखा के एटीएम पर रुपये निकाले आई गांव छव्वा निवासी एक महिला का एटीएम (डेविट) कार्ड दो युवकों ने बदल लिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। रुपये निकलने का पता लगने के बाद महिला ने पुलिस को शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव छव्वा निवासी लक्ष्मी ने कहा कि वह रविवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे कोसली तहसील के सामने स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने के लिए आई थीं। बूथ में उनके पीछे दो लड़के और खड़े थे। दोनों युवकों ने उन्हें बातों में उलझाकर एटीएम कार्ड बदल लिया। लक्ष्मी को युवकों द्वारा एटीएम कार्ड बदलने का पता नहीं लगाया। करीब 15 मिनट बाद उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने शुरू हो गए। कुछ ही देर में उनके खाते से 40 हजार रुपये निकल गए। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह किसी और के नाम से था। महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। कोसली थाना पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।