फोटो : 01रेवाड़ी। जिला बार एसोसिएशन रेवाड़ी। संवाद
रेवाड़ी। पिछले दिनों एक सड़क दुर्घटना में हुई वकील की मौत को लेकर जिला बार एसोसिएशन में वर्क सस्पेंड (कार्य बहिष्कार) रहा। इससे कोई भी वकील अदालत में पेश नहीं हुआ। कार्य स्थगित करने की वजह से जिला बार एसोसिएशन में स्थित 17 कोर्ट में करीब 2 हजार से अधिक केसों पर असर पड़ा है।
वहीं, अधिकतर मामलों में न्यायालय ने तारीख लगाकर अपनी कार्रवाई पूरी की है। मुव्वकिल कोर्ट में पेश होकर अपने केस में तारीख ले कर चले गए। लोग कोर्ट में अपने कार्यों के लिए जरूर आए, मगर वापस निराश होकर चले गए। उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि वकीलों ने वर्क सस्पेंड रखा हुआ है। जिला न्यायालय में जिला सत्र न्यायाधीश सहित अतिरिक्त जिला सत्र न्यायाधीश एवं 10 निचली अदालत के जज कार्यरत हैं। करीब 2500 वकील हैं। रोजाना 3 हजार लोग यहां विभिन्न कार्यों के लिए आते हैं।
शुक्रवार को वकील की सड़क दुर्घटना में हुई थी मौत
तीन दिन पहले महेंद्रगढ़ रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार वकील सुनील कुमार को टक्कर मार दी थी। हादसे में वकील की मौत हो गई थी। वह शुक्रवार देर शाम वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में महेंद्रगढ़ रोड पर जब जाडरा के पास पहुंचे तो पीछे रेवाड़ी की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मारी। टक्कर लगने के बाद सुनील कुमार सड़क पर गिर गए और उनकी मौत हो गई।